फरीदाबाद में कोरोना काल के बाद रोजगार बढ़ाने के लिए शुरू की गई आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना (ABRY) में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ईपीएफओ ने सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित टेक्निकल पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। कंपनी पर आरोप है कि उसने कर्मचारियों के वेतन से PF की राशि काटी और इसके बावजूद उन्हीं कर्मचारियों के नाम पर सरकार से ABRY योजना का लाभ हासिल किया।
ईपीएफओ की जांच में आरोप है कि कंपनी ने अपने कर्मचारियों के वेतन से कर्मचारी हिस्से का PF योगदान काट लिया था। इसके साथ ही उन्हीं कर्मचारियों को ABRY के तहत पात्र दिखाकर सरकार की ओर से मिलने वाले EPF योगदान का लाभ भी लिया गया। ईपीएफओ के मुताबिक यह योजना के नियमों के विपरीत है।
रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच में सामने आया मामला
मामले की जांच के दौरान ईपीएफओ अधिकारियों ने कंपनी के वेतन रिकॉर्ड और बैंक स्टेटमेंट खंगाले। इसी प्रक्रिया में कथित अनियमितता सामने आई। विभाग के अनुसार कंपनी ने योजना के तहत करीब 2.24 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ लिया।
ईपीएफओ अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय फरीदाबाद की ओर से क्षेत्रीय पीएफ कमिश्नर-2 डॉ. सुधीर कुमार जायसवाल ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में कंपनी, उसकी प्रोपराइटर और मामले से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद सूरजकुंड थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इराेज गार्डन स्थित कंपनी की अब पुलिस जांच
शिकायत में कंपनी का पता सूरजकुंड रोड स्थित इराेज गार्डन बताया गया है। पुलिस अब कंपनी के दस्तावेज, कर्मचारियों से संबंधित PF रिकॉर्ड, बैंक लेन-देन और योजना के तहत किए गए दावों की जांच कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि सरकारी योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही।
कोरोना के बाद रोजगार बढ़ाने के लिए शुरू हुई थी योजना
ABRY योजना केंद्र सरकार ने कोरोना महामारी के बाद रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की थी। इसके तहत पात्र नए कर्मचारियों के EPF योगदान में सरकार की ओर से सहायता दी जाती थी। योजना का मकसद नियोक्ताओं को नए रोजगार देने के लिए प्रोत्साहित करना था।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
थाना इंचार्ज पह्लाद के मुताबिक फिलहाल मामले में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। ईपीएफओ की शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। यदि जांच में सरकारी योजना का गलत तरीके से लाभ लेने और कर्मचारियों के PF की राशि काटने के आरोप साबित होते हैं, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।